केंद्रीय विद्यालय में सडक़ सुरक्षा जागरूकता की दिलायी गई शपथ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सडक़ सुरक्षा उपायों के प्रति जागरुक किया गया, साथ ही विशेष व्याख्यान सत्र आयोजित हुआ और विद्यार्थियों को सडक़ जागरुकता की शपथ दिलायी गई। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों और यातायात के प्रति सतर्क रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सडक़ पर चलते समय पैदल यात्री, वाहन चालक एवं साइकिल सवार सभी को नियमों का पालन करना चाहिए। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की कठोर चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि अवयस्क द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेन्स के विद्यार्थियों के द्वारा वाहन चलाये जाते पाये जाने पर चालान के साथ-साथ संरक्षक/मोटरवाहन स्वामी के विरूद्ध मोटर वाहन संशोधन अधिनियम, 2019 की धारा-199क के अन्तर्गत कार्यवाही की जायेगी। सभी २२१८ छात्र-छात्राओं को जागरुक कर शपथ दिलायी गई। प्राचार्य वी0 अरोरा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उप प्राचार्य बीरम पाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *