बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ी, लोहिया रेफर

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के तराई स्थित कुआंखेड़ा क्षेत्र के अलीगढ़ गांव निवासी सुमन को दोपहर करीब १ बजे प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो बजे महिला ने पुत्र को जन्म दिया। तीन बजे के करीब महिला की हालत बिगडऩे पर उसे अधिक रक्तस्राव के कारण लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसी बीच महिला का देवर अस्पताल पहुंच गया। आरोप है कि वह महिला को सरकारी स्ट्रेचर पर लादकर बाईपास मार्ग स्थित एक प्राइवेट अस्पताल की ओर ले जाने लगा। यह देखकर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड ने अधीक्षक को सूचना दी। तत्काल अधीक्षक डॉ0 शोभित कुमार और इमरजेंसी स्टाफ मौके पर पहुंचा तथा मरीज और उसके देवर को बाईपास स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के पास से पकडक़र वापस सरकारी अस्पताल ले आए। इसके बाद महिला को 102 एंबुलेंस के जरिए लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहीं देवर को पुलिस चौकी ले जाया गया। बताया गया कि महिला के साथ क्षेत्रीय आशा भी आई थी। जो घटना के बाद फरार हो गयी। अधीक्षक डॉ0 शोभित कुमार ने बताया कि अधिक रक्तस्राव के कारण प्रसूता को लोहिया रेफर किया गया था। एंबुलेंस भी आ गई, लेकिन उसे प्राइवेट अस्पताल की ओर स्ट्रेचर से ले जाया गया। प्राइवेट अस्पताल वालों ने भी लेने से मना कर दिया। उसे वापस लाया गया। उन्होंने बताया आशा के खिलाफ कार्रवाई के लिए शमशाबाद अधीक्षक को लिखा जाएगा। मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *