नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर के मुख्य चौराहे के आसपास रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा है। इससे बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के मुख्य बाजार में स्थित मछली मंडी भी आम जनमानस के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है।
बाजार में दुकानदार सडक़ पर बेंच और तख्त लगाकर सामान बेचते हैं। जिससे फुटपाथ पर कब्जा हो गया है। वहीं मांस और मछली खरीदने वाले ग्राहक अपने वाहन सडक़ पर ही खड़े कर देते हैं। इस वजह से अक्सर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। मछली मंडी से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध के कारण हर रोज अपने मुंह पर कपड़ा लगाकर निकलना पड़ता है। ऐसी ही एक स्थिति बुधवार शाम करीब तीन बजे देखने को मिली। मांस और मछली खरीदने वाले ग्राहकों ने एक कार और कई बाइकों को सडक़ पर खड़ा कर दिया। जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया और लंबा जाम लग गया। स्थानीय निवासियों जैसे अंकुर गुप्ता, आलोक मिश्रा, विकास गुप्ता, सुनील राठौर और अभी कुमार ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है। अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया मुख्य बाजार मार्ग पीडब्ल्यूडी के नीचे है, इसलिए अतिक्रमण की कार्रवाई पीडब्ल्यूडी के अधिकारी करें।
मुख्य चौराहे पर रेहड़ी-पटरी वालों का कब्जा, जाम से लोग परेशान
