घायल वृद्धा को गाड़ी में फंसाकर लगभग 20 मीटर तक घसीटा
पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया, महिला की हालत गंभीर
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर के सामने उस समय हडक़ंप मच गया जब बुखार की दवा लेकर घर जा रही वृद्धा को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक ने महिला को काफी दूर तक घसीटा। जिससे उसके सिर में काफी गंभीर चोटें आई हंै।
सूत्रों के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर निवासी मुन्नी देवी उम्र 55 वर्ष पत्नी मुनेंद्र प्रताप को कई दिन से बुखार आ रहा था। वह बुखार की दवा सीएचसी में लेने के लिए गईं थीं। दवा लेकर जब घर वापस लौट रही थी, तभी जिला सामुदायिक विशेषज्ञ सुखवीर सिंह बिना नंबर प्लेट की कार से सीएचसी में एएनएम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने पहुंचे। कार चालक ने लापरवाही से सडक़ के किनारे छाव में बैठी वृद्धा को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक 20 मीटर तक गाड़ी से महिला को घसीटते हुए ले गया। स्थानीय लोगों ने निर्दयी अधिकारी व चालक को ऐसा करते हुए देखा, तो भागकर कार को रुकवाया। जिससे महिला को बचाया जा सका तथा ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। गुस्साए ग्रामीणों के द्वारा चालक को लात-घूसों से पीट दिया गया। निर्दयी जिला सामुदायिक विशेषज्ञ सुखवीर सिंह ने घायल वृद्ध महिला का हालचाल लेना भी उचित नहीं समझा और चिकित्सक के कक्ष में जाकर बैठ गए। मामले की सूचना मिलने पर एसआई सुनील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया। हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र से वृद्ध महिला को जिला अस्पताल से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन वृद्धा को निजी अस्पताल ले गए। कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वृद्धा को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की कार से मारी टक्कर
