नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 में वृद्ध की बीती रात मौत हो गयी। वहीं परिजनों ने ठंड से मौत होना बताया। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य ने अधिकारियों को सूचना दी।
नवाबगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 के ग्राम डबऊआ में 70 वर्षीय वृद्ध मदन लाल पुत्र मांगू लाल जो की काफी दिनों से गरीबी का दंश झेल रहे थे और गांव में झोपड़ी डालकर रहे रहे थे। परिजनों के बताए मुताबिक कई बार ग्राम पंचायत से आवास पाने के लिए आवेदन किया था। उसके बाद नगर पंचायत बना और नगर पंचायत में भी आवास के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनको छत मुहैया नहीं हो सकी। जिसके चलते आज उनकी झोपड़ी में मौत हो गयी। वहीं उनके परिजनों ने ठंड से मौत होने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य मौके पर पहुंचे और उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर देखने नहीं आया। वहीं उनके पौत्र अमित ने बताया की रात में मौत हुई थी। जिसकी सूचना अधिकारियों को जिला पंचायत सदस्य के द्वारा दिलवाई गई थी, लेकिन अभी तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं आया। खबर लिखे जाने तक वृद्ध का शव गांव में रखा था। जिसका अंतिम संस्कार अभी तक नहीं किया गया और परिजन अधिकारियों के आने का इंतजार कर रहे थे।
ठंड से झोपड़ी में रह रहे वृद्ध की मौत
