बंदरों के हमले में छत से गिरकर वृद्ध महिला की मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बंदरों के हमले से 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने घर की छत पर चने सुखा रही थीं, तभी बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह भागी, तभी असंतुलित होकर छत से नीचे गिर गयी। जिससे उसकी मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद के ग्राम खुडऩाखार निवासी वीरवती गंगवार उम्र करीब ७५ वर्ष शनिवार को छत पर चुने सुखा रही थी, तभी अचानक उस पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों के हमले से घबराई महिला ने भागने की कोशिश की। इस दौरान वह असंतुलित होकर छत से नीचे गली में गिर गईं। गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर निकले और महिला को अचेत अवस्था में पाया। परिजनों ने महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतका वीरवती पत्नी शेखर चंद्र गंगवार थीं। उनकी एक विवाहित पुत्री प्रीति हैं। जिनके दामाद नोएडा में कार्यरत हैं। शमशाबाद क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में खूंखार बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ये बंदर न केवल किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि घरों में भी लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब बंदरों का झुंड खेतों में घुसता है, तो फसलें बर्बाद हो जाती हैं। छोटे बच्चे जब दुकानों पर सामान खरीदने जाते हैं, तो उन पर भी बंदर हमला कर देते हैं। किसानों का कहना है कि पहले आवारा गोवंश और जंगली सुअर फसलों के दुश्मन थे, अब बंदर भी खेत.खलिहानों से लेकर घरों तक मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *