अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी, संचालक परिवार को पीटा, इंस्पेक्टर- दो चौकी इंचार्ज समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के निकट एक ढाबे पर अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ढाबा संचालक को पीट दिया। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने ढाबा संचालक, उसकी पत्नी, बेटों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, यह घटना रविवार देर रात हरदोई मार्ग स्थित एक्सप्रेस-वे के पास एक ढाबे पर हुई थी। प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह पुलिस बल के साथ अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर वहां पहुंचे थे। उन्होंने ढाबा संचालक अवधेश कटियार निवासी मुर्तजापुर को ढाबा बंद करने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई शुरू होते ही संचालक पक्ष और पुलिस टीम के बीच कहासुनी के चलते विवाद होने लगा ।
इसी दौरान कई उपनिरीक्षक और आरक्षी मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया। ढाबा संचालक अवधेश कटियार का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी चेतावनी के लाठियां चलानी शुरू कर दीं,और पुलिस की मारपीट में उनके परिवार के सदस्य बुरी तरह घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने घटना के दौरान के कुछ वीडियो और फोटो बनाए हैं, जिनमें मारपीट के बाद का माहौल और तोड़फोड़ साफ दिखाई दे रही है। संचालक परिवार ने बताया कि पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और काउंटर में रखी नकदी उठा ले गए।
मारपीट के बाद पुलिस ने ढाबा संचालक अवधेश कटियार, उनके दो बेटों और एक कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। उन्हें कोतवाली ले जाकर हवालात में बंद कर दिया गया। सुबह चारों के विरुद्ध शांतिभंग की धारा में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। इस घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। लोग पुलिस पर अकारण बल प्रयोग और परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। दूसरी ओर, पुलिस का दावा है कि छापेमारी के दौरान ढाबा संचालक और उसके पुत्रों ने पुलिस टीम से हाथापाई की थी। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कोतवाली प्रभारी अनुराग सिंह व दो चौकी इंचार्ज सही दो आरक्षी को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *