कायमगंज, समृद्धि न्यूज। महाशिवरात्रि पर्व पर नगर के मंदिरों में आस्था का जन सैलाब उमड़ा। भक्तों ने विधि विधान पूजा अर्चना की।
बुधवार सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों की लम्बी-लम्बी कतारे लग गई। गंगा दरवाजा स्थित शिवालय में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज चारों ओर सुनाई दी। महाशिवरात्रि पर भक्त मंदिरों में भोलेनाथ के दर्शन के लिए आतुर दिखे। हर-हर महादेव के जयकारे के साथ देवाधिदेव के सामने हाजिरी लगाई और विधि विधान से पूजा अर्चना की। शिवालय में सैकड़ो की संख्या में भक्तों ने भगवान शंकर के प्राचीन शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। नगर हो या गांव हर जगह शिवरात्रि को लेकर भक्तों में उत्साह दिखा। मंदिरों को आकर्षक झालरों से सजाया गया। मंदिरों पर साज सज्जा के अलावा धार्मिक कार्यक्रमों भी किये गये। नगर के फूलमती देवी मंदिर, लंगड़े बाबा मंदिर, देवी मंदिर लाल कुआं, भगवान राम मंदिर व शिव मंदिर आदि पर भक्त लम्बी-लम्बी कतारे लगी और भक्त अपने हाथों में गंगा जल, बेल पत्री, धतूरा आदि लिये अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद दिखा।
महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, लगे हर-हर महादेव जयकारे
