डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर एक राष्ट्र, एक संविधान विषय पर निबंध प्रतियोगिता सम्पन्न

 आपदा प्रबंधन सत्र का भी किया गया आयोजन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर एक राष्ट्र, एक संविधान विषयक निबंध प्रतियोगिता एवं आपदा प्रबंधन सत्र का आयोजन किया गया।
मेरा युवा भारत फर्रुखाबाद द्वारा डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को राम निवास महाविद्यालय चित्रकूट गांधी में एक राष्ट्र, एक संविधान विषय पर निबंध प्रतियोगिता एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जयंत कुमार दीक्षित सेवानिवृत्त आयुक्त, प्राचार्य डॉ0 प्रवीण कुमार त्रिपाठी, जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी (मेरा युवा भारत फर्रुखाबाद) एवं एएसआई बृजमोहन सती (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) द्वारा डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ0 प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने डॉ0 मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने अत्यंत कम आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति के पद को सुशोभित किया, जो उनकी अद्भुत विद्वता एवं नेतृत्व क्षमता का परिचायक है। शिखर रस्तोगी ने डॉ0 मुखर्जी के राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका प्रसिद्ध उद्घोष एक देश में दो विधान, दो निशान एवं दो प्रधान नहीं चलेंगे, आज भी युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। प्रार्थना ने प्रथम स्थान, नेहा ने द्वितीय स्थान तथा नेहा एवं रोशनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने एएसआई बृजमोहन सती के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन पर संवादात्मक सत्र लिया। इसमें छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक प्रतिक्रियाए डूबते व्यक्ति को बचाने की विधियाँ एवं सीपीआर का लाइव प्रदर्शन दिखाया गया। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के युवा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाण्डेय एवं उजाला द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *