
बीते दिन पुरानी रंजिश के चलते अधेड़ पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिन कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पीडि़त पक्ष ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम पैनल से कराये जाने की मांग की। जिस पर डीएम ने सीएमओ को शव का पोस्टमार्टम पैनल गठित कर वीडियोग्राफी के साथ नियमानुसार कराने के निर्देश दिये है।जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा बैंक ऑफ इंडिया वाली गली निवासी विशाल उर्फ धर्मेन्द्र कुमार ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कर दर्शाया कि मोहल्ले के कन्हैया पुत्र सतीश, सतीश पुत्र पुत्तूलाल, कृष्णा, गोविन्द पुत्रगण सतीश, रिन्कू पुत्र भीमसेन से एक वर्ष पहले झगड़ा हो गया था, जिसका मुकदमा कायमगंज में दर्ज है और वह न्यायालय में विचाराधीन है। जिससे यह लोग रंजिश मानते है। मोहल्ले का नरेश शर्मा पुत्र सत्यराम शर्मा जो चुनावी रंजिश के चलते आरोपियों की मदद करता है। आरोपीगण आये दिन धमकी देते थे। १५ नवम्बर को सुबह ९:३० बजे मैं अपने दरवाजे पर खड़ा था, तभी कन्हैया, कृष्णा, गोविन्द, सतीश आये और शराब के नशे में परिजनों को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। जब मैंने विरोध किया तो आरोपीगण मारपीट पर आमादा हो गये। मैं भयभीत होकर घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। उपरोक्त लोगों ने अपने साथी चंदन, रिन्कू, गोपाल को बुला लिया। आरोपीगणों ने मेरा दरवाजा तोड़ दिया और घर के अंदर घुस आये। सभी के हाथों में कुल्हाड़ी, टकोरा, डंडा थे। उक्त लोगों ने मेरे साथ मारपीट शुरु कर दी। शोर शराबा सुनकर मां, पिता लक्कीबाबू, बहन मुस्कान, सत्यप्रभा आ गयी। आरोपियों ने परिजनों के साथ भी मारपीट कर दी। पिता छत पर भागे तो आरोपीगण भी पीछे से छत पर चढ़ गये और कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर दिया। जिससे मेरे पिता गंभीर रुप से घायल हो गये। चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग इक_ा हो गये। जिन्हे देखकर हमलावरों ने मेरे पिता को सडक़ पर फेंक कर भाग गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मेरे पिता की मौत हो गई। पैनल से पोस्टमार्टम कराने व हत्यारोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की और साथ ही परिवार की जानमाल की सुरक्षा की भी मांग की। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्स का पैनल बनाकर वीडियोग्राफी की निगरानी में पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिये।
