हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रम़डगंज थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ मुडेल मार्ग स्थित मुड़ेल गांव में मंगलवार शाम छह बजे के करीब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई वहीं दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।मुड़ेल गांव निवासी रमाशंकर कोरी की सूचना पर पहुंचे 108 एंबुलेंस के पायलट दिलीप यादव व ईएमटी आशीष कुमार ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया पहुंचाया। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा॰ अवधेश कुमार ने गंभीर रूप से घायल प्रयागराज जिला निवासी 40 वर्षीय बाइक सवार संतोष कुमार मौर्य को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे बाइक सवार चंद्रगढ़ मुड़ेल गांव निवासी 20 वर्षीय अशोक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।मुड़ेल गांव निवासी अशोक शाम को बाइक से रतेह की ओर जा रहा था जैसे ही मुड़ेल नाले की पुलिया से पचास मीटर पहले पहुंचा तो सामने से बाइक से आ रहे प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के बहियारी गांव निवासी संतोष कुमार मौर्य से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। जहां गंभीर रूप से घायल बाइक सवार संतोष कुमार मौर्य को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक संतोष कुमार कहां जा रहे थे इसकी जानकारी परिजनों को भी नही है। घटना की सूचना पाकर मृतक संतोष के भाई विजय शंकर मौर्य पीएचसी हलिया पहुंच गए। विजय शंकर ने बताया कि भाई संतोष कुमार मौर्य प्रयागराज के कोरांव ब्लाक में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे।मुड़ेल गांव की ओर किस काम से जा रहे थे उन्हें इसकी जानकारी नही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा॰ अवधेश कुमार ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल प्रयागराज जिला निवासी बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। वहीं दूसरे बाइक सवार युवक का प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
