मुजफ्फरनगर: मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश महताब ढेर

समृद्धि न्यूज। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश महताब ढेर हो गया। शामली जिले के रसूलपुर निवासी महताब पर 18 मुकदमे दर्ज थे और वह सर्राफा कारोबारी से लूट में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी चौकी प्रभारी दरोगा ललित कसाना व सिपाही अलीम भी घायल हुए। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए और मामले की जांच जारी है। घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात के समय बुढ़ाना थाने की पुलिस नहर की पटरी पर चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया। अपने को घिरा देख दोनों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और बाइक को भगा दिया। पीछा करते हुए पुलिस ने उनकी घेराबंदी की। जवाबी फायरिंग में बदमाश महताब गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से भागे साथी दूसरे बदमाश को पुलिस तलाश कर रही है। इस दौरान मुठभेड़ में गढ़ी सखावत चौकी प्रभारी दरोगा ललित कसाना व सिपाही अलीम घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया आरोपी बदमाश महताब ने कुछ दिन पहले ही बुढ़ाना में सर्राफा व्यापारी से लूट की थी। इस मामले में वह वांछित था। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस दूसरे बदमाश की तलाश में जुटी है। घटना के संबंध में एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल और सीओ बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि सर्राफा कारोबारी व उनके पोते से हुई लूट के मामले में महताब फरार चल रहा था। इसके अलावा उस पर लूट, डकैती और रंगदारी मांगने समेत लगभग 18 आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *