वीडी कटियार पुन: जिलाध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष बने राजेश निराला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक सम्मेलन भारतीय पाठशाला में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री ओपी त्रिपाठी ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी देश के सम्मानित मतदाता है, जो सरकार बनाने व गिराने में अहम भूमिका निभाते है। कर्मचारियों की अपेक्षा सरकार को महंगी पड़ेगी। उन्होंने का कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में पूर्व की भांति मिलने वाली किराये छूट को पुन: बहाल किया जाये। भारतीय पाठशाला इंटर कालेज के सभागार में संगठन के संस्थापक स्व0 शेषनारायन सचान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। प्रदेश उपाध्यक्ष एसके मिश्रा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ यादव के निर्देश में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि आठवें वेतन को जिस दिन लागू किया जाये, उसी दिन से एरियर का भी लाभ पेंशनर्स भोगियों को प्रदान किया जाये। मण्डलीय संगठन मंत्री सुरेश चन्द्र शुक्ला ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की जाये। एसोसिएशन निरंतर मांग कर रहा है। विशिष्ठ अतिथि सहायक कोषाधिकारी राजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि कोषागार से पेंशनरों का नियमित समय से भुगतान किया जा रहा है। कोषाधिकारी अमरीश बाजपेयी से मिलकर समस्याओं का निराकरण कराते रहते है। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विष्णु भगवान कटियार ने कहा कि एसोसिएशन सेवानिवृत्त कर्मचारी की समस्याओं का निराकरण हेतु तत्पर रहती है। उपाध्यक्ष प्रभुदयाल ने कहा कि पेंशन राशि धारण की कटौती अवधि सर्वोच्चतम न्यायालय के आधार पर तय की जानी चाहिए। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश निराला ने कहा कि सरकार और समाजसेवा निवृत्त कर्मचारियों के अनुभवों का लाभ उठाये। जिला कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न हुआ। जिसमें जिला अध्यक्ष विष्णुभगवान कटियार, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश निराला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभुदयाल, जिला मंत्री राजीव बाजपेयी, सम्प्रेक्षक सुखदेव दीक्षित, कोषाध्यक्ष सुभाष शर्मा बनाये गये। इस मौके पर जवाहर सिंह गंगवार, सुरेश चन्द्र सक्सेना, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार वर्मा, हाकिम सिंह, ब्रह्मदेव मिश्रा, डा0 जीएस राजपूत, डा0 वेदप्रकाश भारद्वाज, विनोद उपाध्याय, जागेश्वर सिंह, केएन चौधरी, सुभाष चन्द्र शाक्य, रामपाल शर्मा, राममोहन भल्ला, अरुण दुबे, नंदकिशोर शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त कर्मचारी की सरकार गिराने व बनाने में अहम भूमिका: ओपी त्रिपाठी
