यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

समृद्धि न्यूज। दिल्ली में शनिवार को आसमान में काले बादल रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिली। अब मौसम विभाग की ओर से अगले 6 दिन और बारिश की संभावना दिल्ली के लिए जताई गई है। इस दौरान दिल्ली के तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है। 13 जुलाई यानी आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 18 जुलाई तक इस तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।
पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सोमवार से मौसम में फिर बदलाव आएगा। जम्मू संभाग के पांच जिलों में बादल फटने और भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश में पहले से ही हो रही बारिश के कारण 252 सडक़ें बंद हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। मध्य प्रदेश में सतना और चित्रकूट समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई है और सडक़ों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान देश के मध्य और आसपास के उत्तर पश्चिमी हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

छत्तीसगढ़-यूपी, गुजरात तक बरसेंगे मेघ

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 5 दिनों के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 7 दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तरी गुजरात में अगले तीन दिन भारी बारिश होगी। उत्तराखंड में 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।
देश के अलग अलग इलाकों में लगातार मानसून की बारिश हो रही है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है। दिल्ली में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं 14 से 16 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 13 से 18 जुलाई के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट है।

इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। मध्य प्रदेश में 13 से 18 जुलाई के दौरान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, अगले 7 दिनों के दौरान इस क्षेत्र के ज्यादातर इलाकों में गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
13 से 15 जुलाई के दौरान, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर गरज और बिजली कडक़ने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 13-18 जुलाई के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *