गुरुग्राम के सेक्टर 45 में 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग, आरोपी फरार

समृद्धि न्यूज। गुरुग्राम के सेक्टर 45 में प्रॉपर्टी मार्केटिंग कंपनी के आफिस पर फायरिंग का मामला सामने आया है। यहां कंपनी ऑफिस पर 30 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई गई। 5 हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास की पूरी वारदात है। फायरिंग के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। इसके साथ ही इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सेक्टर 45 में गुरुवार रात एक प्रॉपर्टी मार्केटिंग कंपनी के ऑफिस पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी मच गई। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एमएनआर बिल्डमार्क के आलीशान दफ्तर पर 5 नकाबपोश बदमाशों ने 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। इस हमले में ऑफिस के शीशे चकनाचूर हो गए और परिसर में खड़ी एक लग्जरी कार को भी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दीपक नंदल नाम के एक गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके फायरिंग की जिम्मेदारी ली है और पुलिस को खुला चैलेंज दिया है।
इस घटना को लेकर जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने कहा कि यहां कई राउंड गोलीबारी की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई हैं और जांच की जा रही है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हमले को अंजाम देने वाले पांच हथियारों से लैस बदमाश थे, जो कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। ऑफिस के बाहर आते ही उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। कुछ ही मिनटों में उन्होंने दर्जनों राउंड फायरिंग कीं और मौके से फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *