समृद्धि न्यूज। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे दक्षिण कश्मीर में 250 से ज़्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स को हिरासत में लिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर शुरू की गई गहन जांच और पूछताछ अभियान के तहत इन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा कश्मीर में करीब 1200 लोगों को हिरासत में लिया गया है जो आतंकवाद से संबंधित मामलों में आरोपी हैं। कुल मिलाकर 1450 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जो कायराना करतूत की है, उसका जवाब देने के लिए भारत में बड़ी तैयारी चल रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोर्चा संभाल चुके हैं और वो सऊदी का दौरा बीच में ही छोडक़र दिल्ली लौट आए हैं। आज सुबह ही गृहमंत्री अमित शाह उस जगह पहुंच गए जहां आतंकियों ने मासूम लोगों को अपनी गोलियों का निशाना बनाया, उधर, सैनिक आतंकियों की तलाश में चप्पा-चप्पा छान रहे हैं। इधर दिल्ली में कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी यानी सीसीएस की बैठक चल रही है। जिसमें तय होगा कि किस तरह इस हरकत का जवाब देना है।
पहलगाम आतंकी हमला: सुरक्षा एजेंसियों ने उठाये 1450 लोग
