मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक मोहम्मदाबाद के ग्राम नदौरा निवासी एक व्यक्ति की बीती रात्रि माल वाहक ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक नादौरा निवासी मिठ्ठू लाल के 37 वर्षीय पुत्र संतराम की बीती रात्रि लगभग 3:55 बजे नीम करोरी से निकलने वाली रेलगाड़ी जो कि मैनपुरी की तरफ से आ रही थी, की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पत्नी माना देवी ने आरोप लगाया कि उनके ही गांव का हेतराम का पुत्र विपिन यादव 14 सितंबर को घर से बुला कर ले गया था। विपिन ने संतराम को धक्का मारकर मार दिया है। मृतक के साथी विपिन कुमार ने बताया कि वह 14 सितंबर को संतराम के साथ मजदूरी करने के लिए फर्रुखाबाद गया था। एक दिन वहां मजदूरी करके गंगा स्नान करके रात्रि 11:30 बजे कालिंद्री एक्सप्रेस से बिना टिकट वापस आया था। लगभग 12:30 बजे नीम करोरी स्टेशन पर उतरे तथा एक देशी शराब का पाऊआ वहीं फर्रुखाबाद तथा एक देशी शराब का पाऊआ नीम करोरी स्टेशन पर पिया।
उसके बाद स्टेशन पर बनी पटिया पर लेटकर सो गया। विपिन यादव ने बताया लगभग 4:30 बजे आंख खुली तो संतराम पटिया पर नहीं लेटा था। विपिन यादव ने संतराम की खोजबीन की, तो देखा कि रेलवे प्लेटफार्म की पटरी पर घायल अवस्था में पड़ा था। विपिन ने परिजन को सुबह 6 बजे सूचना दी तथा स्टेशन मास्टर से डायल 108 को बुलाने के लिए कहा। उसे 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लाया गया। स्टेशन मास्टर सीताराम ने बताया कि उन्हें माल वाहक ट्रेन से हुए हादसे की सूचना नहीं मिली। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत कुमार सेंगर ने संतराम को मृत घोषित कर दिया। जिसकी फौती सूचना समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से वार्ड बॉय रंजीत कुमार ने थाना कोतवाली में दी। मृतक की पत्नी माना देवी विकलांग है तथा मृतक के तीन पुत्र अंकित 10 वर्ष, शिवा 8 वर्ष, अनुज 5 वर्ष तथा एक पुत्री नीतू 2 वर्ष की है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया सूचना मिल गई है। मृतक के शव का पंचनामा उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।
माल वाहक ट्रेन से कटकर युवक की दर्दनाक मौत
