उन्नाव,समृद्धि न्यूज़। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर मोहल्ले में सड़क निर्माण के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगे पी डब्लू डी के रोलर की चपेट में आने से एक वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान सड़क पर काम करते समय रोलर आगे बढ़ा और मासूम को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने सवाल उठाया कि पी डब्लू डी द्वारा उपयोग में लाए गए रोलर का परिवहन विभाग में पंजीकरण नहीं होता है क्या? साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया?
स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसी या ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
