कांवडिय़ों की भारी भीड़ के चलते पांचाल घाट पर लगा लंबा जाम

प्रशासन की रुट डायवर्जन की व्यवस्था धड़ाम, ट्रैफिक पुलिस नाकाम
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सावन के तृतीय सोमवार के चलते रविवार को पांचाल घाट पर बड़ी संख्या में कांवडिय़े जल भरने पहुंचे। कांवडिय़ों की भीड़ के कारण इटावा-बरेली हाईवे पर जाम लग गया। पांचाल घाट पर जल भरने के लिए विभिन्न जनपदों से कांवडिय़े आए। यहां से जल लेकर अधिकांश श्रद्धालु गोला गोकर्णनाथ की ओर जाते हैं, जबकि कुछ अन्य स्थानों की ओर प्रस्थान करते हैं।
कल सावन का तृतीय सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। गंगा घाट पर वाहनों के मोडऩे के दौरान जाम की स्थिति बनने लगी। कई लोगों ने अपने वाहन सडक़ किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर दिए। जिससे जाम और अधिक बढ़ गया। यातायात बाधित होने से पांचाल घाट से लेकर जमापुर मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दूसरी ओर मसेनी चौराहे तक भी जाम की स्थिति बनी रही। इस जाम के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में नाकाफी साबित हुई। लोगों का कहना था कि प्रशासन द्वारा की गयी व्यवस्था तार-तार नजर आयी। जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। इस जाम में लोगों को घंटों जूझना पड़ा। लोग अपने गंतव्य को काफी विलम्ब से रवाना हो सके। कांवडिय़ों की भीड़ के चलते रुट डायवर्जन किया गया था, लेकिन रुट डायवर्जन धरा रह गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *