क्रॉप सर्वे न करने को लेकर पंचायत सहायकों ने दिया धरना

बीडीओ के समझाने के बाद में धरना हुआ समाप्त
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक परिसर में ग्राम पंचायत सहायकों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य गेट की घेराबंदी कर धरना दिया और चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। धरने पर बैठे पंचायत सहायकों ने कहा कि वे अब क्रॉप सर्वे नहीं करेंगे और जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं धरना जारी रहेगा। पंचायत सहायकों का कहना है कि सरकार द्वारा उन्हें बिना पर्याप्त संसाधन और उचित मानदेय दिए लगातार अतिरिक्त कार्य कराया जा रहा है। हम लोगों को मोबाइल/टैबलेट जैसी सुविधा न मिलने से सर्वे का काम मुश्किल होता है, मानदेय समय पर न मिलने की वजह से आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। सम्मान और अवकाश जैसी बुनियादी मांगें भी हमारी पूरी नहीं की जा रही हैं।

धरने की सूचना पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद शर्मा ने पंचायत सहायकों को फटकार लगाते हुए कहा क्रॉप सर्वे पंचायत सहायक करेंगे जिसे काम नहीं करना है, वह सीधा घर जाए। यहां धरने पर बैठने की किसने अनुमति दी, बिना परमिशन के धरना देना गलत बात है, फिर यह आदेश खंड विकास अधिकारी का तो है नहीं यह तो सरकार का आदेश है वह आप लोगों को मनाना ही पड़ेगा। बीडीओ ने समझाते हुए कहा देखिए पंचायत सहायक पारुल के पास 3600 डाटा है, दीक्षा ने तो शेरपुर सराय में तो पानी की भी समस्या है इसके बावजूद नाव पर बैठकर भी सर्वे किया था। वहीं एडीओ पंचायत (सहायक विकास अधिकारी) ने महिला पंचायत सहायकों पर टिप्पणी करते हुए कहा आपको 8-9 महीने का मानदेय बिना काम किए दिया गया था, तब आप पंचायत सहायकों में से कोई भी धरने पर नहीं बैठा था, फिर भी आप आज धरने पर बैठी हैं। धरने पर बैठे सहायकों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी, वे क्रॉप सर्वे का बहिष्कार करेंगे। पंचायत सहायकों ने मांग की है कि क्रॉप सर्वे जैसे कार्यों के लिए मोबाइल/टैबलेट की सुविधा दी जाये। समय पर मानदेय भुगतान किया जाये। पंचायत सहायकों को सम्मान और सुरक्षा दी जाये। अवकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, आदि शामिल है। पंचायत सहायकों ने कहा कि धरना और आंदोलन को आगे भी जारी रखेंगे, यदि जरूरत पड़ी तो आंदोलन को जिले और प्रदेश स्तर तक ले जाएंगे। बीडीओ ने सभी पंचायत सहायकों समझा बुझाकर धरने को खत्म करवाया। इस मौके पर एडियो पंचायत विनय चौहान, वरिष्ठ लिपिक विजय राठौड़, सचिव अभय सिंह, सचिन, आलोक दुबे, एपीओ गौरव कुमार आदि मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *