फर्रुखाबाद/कायमगंज/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने बुधवार भी ऑनलाइन उपस्थिति शासनादेश के विरोध में तीसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह जारी रखा। विरोध के बीच कर्मचारियों ने अपने नियमित कार्य पूर्ववत रूप से करते हुए आदेश पर असहमति जताई। उनका कहना है कि फील्ड स्टाफ के लिए ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था अव्यावहारिक है, क्योंकि उन्हें प्रतिदिन कई गांवों का भ्रमण करना पड़ता है। सत्याग्रह का नेतृत्व बढ़पुर ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष आलोक त्रिवेदी व ओमशिव पाण्डेय ने किया।
आंदोलन प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर किया जा रहा है और विरोध के बावजूद सभी कर्मचारी विभागीय एवं चुनावी कार्य पूर्व की भांति करते रहेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासनादेश 4 दिसंबर तक वापस नहीं लिया गया, तो 5 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। साथ ही सभी अधिकारी सरकारी व्हाट्सऐप समूहों से बाहर होने का निर्णय लेंगे। उनका कहना है कि कार्यालयी स्टाफ के लिए यह व्यवस्था ठीक हो सकती है, लेकिन फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए इसे लागू करना व्यवहारिक नहीं है। वहीं कायमगंज में भी तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर सभी ग्राम विकास सचिवों ने विरोध जारी रखा। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष शशिदेव सिंह ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर यह शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है और प्रदेश नेतृत्व जो भी आगे दिशा निर्देश जारी करेगा उसी के आधार पर विरोध प्रकट किया जायेगा। कायमगंज ब्लाक के अलावा बढ़पुर ब्लाक में सत्याग्रह में ग्राम विकास अधिकारी प्रभात यादव, श्वेता, कंचन, अशोक शाक्य, ग्राम पंचायत अधिकारी नीरू दीक्षित, देवांश, ऋषिपाल, अमन, संजीव गंगवार आदि लोग मौजूद रहे। वहीं नवाबगंज ब्लाक में परिसर में अन्य विभागों के कार्य कराए जाने से नाराज ग्राम पंचायत सचिव ने तीसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। ग्राम पंचायत सचिव ने बताया की 10 दिसंबर को वह जनपद से पैदल मार्च करते हुए नवाबगंज विकासखंड कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन करते हुए आएंगे और अन्य विभागों के कार्य नहीं करेंगे। इस मौके पर सचिव प्रमोद शुक्ला, अरविंद कुमार, अनुपम बाजपेई, आकांक्षा सक्सेना, कुलदीप राजपूत, प्रवीण कुमार, कामता प्रसाद पटेल, वेद प्रकाश, मोतीलाल यादव, बृजेश कुमार आदि उपस्थित थे।
पंचायत सचिवों ने तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर किया कार्य
