आधा दर्जन घोड़े से आये शातिर चोर, ग्रामीणों ने दो घोड़ों को पकड़ा
सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
कंपिल, समृद्धि न्यूज। घर में घुसे चोरों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष सहित पांच घरों से लाखों रुपए के जेवर व नगदी चोरी कर लिए। खटपट की आवाज सुनकर जागे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चोरों के दो घोड़े पकड़ लिए, हालांकि चोर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर देर रात निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पीडि़तों ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बिहारीपुर निवासी सुखवीर राजपूत भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। शनिवार देर रात वह छत पर सो गए, जबकि अन्य स्वजन घर के बरामदे में सो गए। बीती रात चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुस गए। चोरों ने कमरे की रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखे तीन लाख रुपए के जेवर, पांच हजार की नगदी व मोबाइल चोरी कर ले गए। इसके बाद चोर पड़ोसी किशनपाल के घर में मुख्य दरवाजे से होते हुए कमरे में घुस गए।
चोरों ने अलमारी का ताला तोडक़र दो लाख रुपए के जेवर, पचास हजार रुपए की नगदी व मोबाइल चोरी कर लिये। खटपट की आवाज सुनकर स्वजन जागे। शोर मचाने पर चोर सीढिय़ों से चढक़र छत से होते हुए खेतों में भाग गए। छत से कूदने पर सुखवीर का मोबाइल चोरों के हाथों से छूट गया। सुबह खेतों में छानबीन करने पर सुखवीर का मोबाइल मिल गया। चीख पुकार की आवाज सुनकर जागे पीडि़तों ने कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखा सामान व नगदी गायब थी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पड़ोसी गांव शाहपुर गंगपुर निवासी विनोद कुमार के घर में चोर घुस गए। विनोद कुमार घर के बाहर, मां बरामदे में सो रही थी। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का एक ताला तोड़ दिया। ट्रैक्टर खरीदने के लिए रखे पांच लाख रुपए, पत्नी का पांच लाख रुपए का जेवर चोरी कर लिया। इसके बाद चोर पड़ोसी बसंती देवी के घर में घुसकर बक्शे का ताला तोडक़र दस हजार रुपए के चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। इसके बाद चोर विनोद के चाचा सत्यवीर के घर में घुस गए। कमरे में रखे पर्स को चोरी कर लिया। सत्यवीर झोपड़ी में सो रहे थे। खटपट की आवाज सुनकर सत्यवीर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार चोर आधा दर्जन से अधिक थे। वह लगभग छ: घोड़ों के साथ आए थे। विनोद ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ितों के अनुसार सभी घरों से पंद्रह लाख की चोरी हुई है। रविवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंच साक्ष्य जुटाए। पीड़ित विनोद कुमार ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ संजय वर्मा ने बताया मामले की जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस समय वह छुट्टी पर हैं। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया मामले का जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़े दो घोड़े
घटना के बाद जागे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो घोड़ों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया की चोर 4 घोड़ों से आये थे। करीब आधा दर्जन चोर रहे होंगे। 2 घोड़ों से चोर सामान सहित भागने मे सफल हुए।
पुराने गैंग भी फिर चर्चा मे आये
घटना स्थल पर खड़े ग्रामीण पुराने बदमाशों की चर्चा करते नजर आये। वहीं कुछ ग्रामीण पुराने गैगों के फिर से सक्रिय होने का अंदेशा जता रहे थे। फिलहाल ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखा गया।
बाइक की चाबी, मोबाइल ले गये चोर
ग्रामीणों ने अंदेशा जताया की चोर शातिर व अनुभवी थे, ग्रामीण पीछा न कर सकें। इसके लिए वह सभी गृह स्वामियों की बाइक की चाबी साथ ले गये। ग्रामीण किसी को सूचना न भेज सकें। इसके लिए मोबाइल भी साथ ले गये।
छैमार गिरोह पर भी अंदेशा
सूत्रों के अनुसार एक जगह से दूसरी जगह सामान ले जाने वाले छैमार जाति के सदस्यों के भी यह घोड़ृे हो सकते हैं। जो घटना के बाद ही दूसरे जिले में फरार हो जाते है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हफ्ते भर मे हुई चोरी की दूसरी वारदात से क्षेत्र मे भय, रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्य शैली पर सवाल उठाये है।ग्रामीणों ने पुलिस गस्त बढ़ाने की मांग की है।
