इटावा-बरेली हाईवे पर मटर के छिलकों ने मचाया कोहराम: कई बाइकें फिसलीं, तीन घायल

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार की रात एक अजीबोगरीब हादसे में कई बाइक सवार घायल हो गए। मसेनी चौराहे के पास सडक़ पर भारी मात्रा में मटर के छिलके फैले होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर फिसलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रक से छिलके गिरने की आशंका

घटना के संबंध में गांव सोता बहादुरपुर निवासी नसरुद्दीन ने बताया कि संभवत: किसी गुजरते हुए ट्रक से मटर की बोरियां फटकर गिर गई थीं, जिसके कारण छिलके पूरी सडक़ पर फैल गए। रात के अंधेरे में बाइक सवार इन छिलकों को देख नहीं पाए और जैसे ही उनके टायर इन पर पड़े, बाइकें अनियंत्रित होकर फिसल गईं।

निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

इस हादसे में सोता बहादुरपुर गांव के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा, अन्य कई राहगीरों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मसेनी स्थित आराध्या नर्सिंग होम और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और ग्रामीणों ने साफ कराया रास्ता

हादसे की सूचना मिलते ही कादरी गेट पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही पुलिस बल को तैनात किया गया और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सडक़ पर फैले छिलकों को हटवाया गया ताकि और हादसे न हों।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में घायलों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सडक़ को अब पूरी तरह साफ कर यातायात सामान्य कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *