लोगों ने प्रशासन से की जल्द से जल्द समाधान की मांग
समधन, समृद्धि न्यूज़। कस्बा समधन से अनीभोझ रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है। सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण के दौरान सड़क पर गिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक ओर नाला निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बावजूद सड़क से गिट्टी नहीं हटाई गई है। इसके कारण सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। दिनभर आवागमन रहने वाली इस सड़क से कई गांव जुड़े हुए हैं, ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे में सड़क पर पड़े गिट्टी के ढेर दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। यदि समय रहते जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द सड़क की सफाई कराकर यातायात सुचारु रूप से कराने की मांग की है।
