साइड न देने पर ट्रैक्टर सवार लोगों ने ट्रक चालक को पीटा, छीने रुपये

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ट्रैक्टर को साइड न देने पर दबंगों ने ट्रक चालक को रास्ते में उतारकर जमकर पीटा। साथ ही ट्रैक्टर सवार लोग ट्रक चालक को अपने साथ ले गये और घर में बंधक बनाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को मुक्त कराकर थाने लायी। जहां ट्रक चालक ने 44500 रुपया लूटने का आरोप लगाया है।
112 पुलिस ने ट्रक चालक को दबंगों के गांव से किया बरामद मामला थाने में।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बराकेशव निवासी तपेश्वरी देवी पत्नी अनवेर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पुत्र लालू जो ट्रक चलाता है। सोमवार लगभग 1.30 बजे वह अपना ट्रक लेकर गांव आ रहा था। करणपुर चौराहे पर ट्रैक्टर को साइड न देने के विवाद में दबंगों ने चौराहे पर ट्रक चालक लालू को उतार लिया और जमकर मारपीट की। महिला का आरोप है की दबंग उसे अपने साथ घर ले गए और उसको घर पर बंधक बनाकर मारापीटा। डायल 112 को सूचना दी गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस लालू को दबंगों के घर से नवाबगंज थाने लाई। जहां पर लालू ने मारपीट के साथ 44500 लूट लेने की बात पुलिस को बतायी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *