फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जलभराव से आजिज मोहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराये जाने की मांग की है।
दिये गये ज्ञापन में मोहल्ला हाजीगंज ग्राम पंचायत याकूतगंज, विकास खण्ड बढ़पुर, परगना भोजपुर, तहसील सदर, थाना कोतवाली फतेहगढ़ में सेन्ट्रल जेल याकूतगंज मार्ग के दक्षिण ओर स्थित मोहल्ला हाजीगंज जो बरगद बौराह याकूतगंज-दरियाबगंज मार्ग पर आवन्तीबाई चौराहे से कुन्दन नगला जाने वाली सडक़ तक बसा हुआ है और इस मोहल्ले का सारा पानी असगर अली के मकान से लेकर मौहल्ला पपीतों तक ट्रान्सफार्मर तक सडक़ के दोनों ओर बने नाले नालियों से होकर जाता है तथा आगे याकूतगंज-कुन्दन नगला मार्ग से अवन्तीबाई चौराहे से याकूतगंज-दरियाबगंज मार्ग से होकर आगे चला जाता है। किन्तु इस समय उक्त नाले नालियों में भीषण गंदगी और जलभराव है। जिससे सडक़ पर पानी भर गया है तथा कब्रिस्तान में भी पानी भरा हुआ है और जल भराव के कारण नालियों में बिजली का करेन्ट उतर जाता है तथा इस मार्ग से आने जाने वाले लोगों में विद्यार्थी व किसान तथा मजदूरों के अलावा तमाम और लोगों का भी आना जाना बना रहता है किन्तु जलभराव और गंदगी के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। विगत्त वर्ष गंदगी के कारण काफी लोगों के बीमार हो जाने के कारण महामारी फैल गयी थी। जिसमें काफी लोगों को अपनी जान गवाना पड़ी थी। कब्रिस्तान में व्यक्ति दफन नहीं हो पा रहे हंै जिन्हें अनयन्त्र दफन करना पड़ रहा है और कब्रिस्तान में कबरों में पानी भर जाने के कारण वह धंस गई हैं। उक्त मार्ग के दोनों ओर कुछ दबंग व्यक्तियों ने अनाधिकृत कब्जा करके नाले बन्द कर दिये है जिससे पानी आगे नहीं जा पा रहा है तथा ग्राम प्रधान द्वारा नालों की विधिवत सफाई नहीं करवाई जा रही है। उक्त सम्बन्ध में गत वर्ष से लगातार प्रार्थना पत्र दिये जा रहे है, किन्तु उक्त प्रार्थना पत्रों पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है और न ही प्रधान द्वारा उचित कार्यवाही की जा रही है। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों में असंतोष व्याप्त है और यह असंतोष किसी भी समय बड़ा रुप ले सकता है। उक्त परिस्थितियों को देखते हुए उक्त नालों और नालियों की सफाई के साथ-साथ दबंग लोगों द्वारा याकूतगंज कुंदन नगला मार्ग के दोनों ओर के नाले जो अबंतीबाई चौराहे तक जाकर दरियाबगंज-याकूतगंज मार्ग से मिल जाते हैं। जिसे जनहित में खुलवाया जाना आवश्यक है। ज्ञापन देने वालों में मो0 आरिफ, शमशाद हुसैन, मोहसिन, शाहिद अली, मुजीबुल, अशरफ, अबरार, नादिर हुसैन आदि के नाम शामिल हैं।
जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
