संगोष्ठी व रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध लोगों को किया गया जागरुक

बिना चिकित्सक परामर्श के नशीली दवा बेचने पर होगी कार्यवाही-ड्रग इंस्पेक्टर
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में भारत सरकार की योजना नशे के विरुद्ध एक युद्ध के अंतर्गत संगोष्ठी एवं रैली आयोजित कर जन मानस को जागरुक किया गया।भारत सरकार की योजना एक युद्ध नशे के विरुद्ध के अंतर्गत ड्रग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन तथा व्यापार मंडल के साथ रैली निकालकर लोगों को नशे के विरुद्ध जागरुक किया गया। लोहिया अस्पताल में सी0एम0एस0 की मौजूदगी में नशे के विरुद्ध पोस्टर लगाये गये। पुराने जिला अस्पताल फतेहगढ़ में ड्रगिस्ट एण्ड कैमिस्ट एसोसिएशन की नशे के विरुद्ध जागरुकता संगोष्ठी को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पाण्डेय ने कहा कि मेडिकल स्टोर पर नारकोटिक्स युक्त श्रेणी की दवाओं के विक्रय पर रोक होनी चाहिए तथा चिकित्सक के परामर्श पर ही नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की एन.आर.एक्स. श्रेणी की दवाओं की बिक्री नशेड़ी व्यक्तियों को न की जाये। अन्यथा की स्थिति में विधिक कार्यवाही की जायेगी। नशे के रुप में हो रही नारकोटिक्स श्रेणी की औषधियों की बिक्री को रोकने हेतु लोगों को जागरुक करने के लिए जनपद में पोस्टर लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन फतेहगढ़ के अध्यक्ष ब्रज किशोर दुबे एवं मंत्री पंकज अग्रवाल ने सभी दवा व्यापारियों से चिकित्सक के पर्चे के बिना नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री न किये जाने की अपील की। कार्यक्रम में अजीत कटियार, गौरव श्रीवास्तव, राजेश दीक्षित, जावेद अहमद, अरविंद पाल, देवेश शुक्ला, नितिन सक्सेना, आशीष अग्रवाल, सचिन रस्तोगी आदि कैमिस्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *