फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। तत्कालीन सीओ कायमगंज सोहराब आलम, तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल, सीएमओ सहित नौ लोगों के खिलाफ न्यायालय में पीडि़ता ने 156(3) दायर की है।
कोतवाली कायमगंज के क्षेत्र शिवरई बरियारा निवासी उर्मिला देवी पत्नी स्व0 राधेश्याम उर्फ रामदास शाक्य ने न्यायालय में दायर की याचिका में दर्शाया कि उसके पति सरसों की पिराई स्पेलर द्वारा करते थे। पड़ोसी रामफल श्रीवास्तव की भी सरसों पिराई की दुकान थी। जिस कारण रामफल मेरे पति से रंजिश मानता था और आये दिन गाली-गलौज कर जानमाल की धमकी देता था। आरोपी व उसका परिवार गुण्डा प्रवृत्ति के लोग है। आरोपीगण नकली तेल का व्यापार करते थे। ३ अक्टूबर २०२३ को रात्रि ८:३० बजे रामफल, रामसिंह, नानिकराम उर्फ नेकराम पुत्रगण लटूरी व दीपू, गोविन्द व अनमोल पुत्रगण रामफल एकराय होकर आये और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे और कहा कि तेरी नातिन ने सडक़ पर उलटी कैसे कर दी। जिस पर मेरे पति ने कहा कि मैं सफाई करवा दूंगा। आरोपीगण गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपीगणों ने मेरे पति पर ईंट-पत्थरों से अपने घरों से हमला कर दिया। पति से सीने में ईंट लगने से वह बेहोश हो गया। उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था। ४ अक्टूबर को पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें डाक्टर ने सीने व सिर में चोट आने से मौत होना बताया था। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाते समय सीओ सोहराब आलम व प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने पुलिस बल के साथ पहुंचे और रोक लिया। पुन: पोस्टमार्टम के ले जाने लगे। परिजनों ने जब विरोध किया तो फर्जी मुकदमा लिखवाने की धमकी दी। अधिकारियों ने रिश्वत लेकर रात्रि में ही गलत तरीके से पोस्टमार्टम करवाया। घटना के बाद से आरोपीगण लगातार धमकी दे रहे है कि २० लाख रुपये में पुलिस को खरीद लिया है। अगर कार्यवाही की तो पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे है। पुत्र शव के साथ फर्रुखाबाद गया था तब दरोगा हरिओम त्रिपाठी, एक महिला कांस्टेबिल व एक अन्य कांस्टेबिल के साथ घर आये और गाली-गलौज किया तथा सीसीटीवी रिकार्डिंग डिलिट कर दी। ७ अक्टूबर को पुत्र चंदन एवं आलोक को सीओ ने कार्यालय में बुलाया था। वहां प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद थे। दोनों अधिकारियों ने पूछा कि तुम लोगों ने क्या कार्यवाही की। पुत्रों ने अधिकारियों से शिकायतों के बारे में बताया। दोनों अधिकारियों ने धमकी दी और कहा कि पोस्टमार्टम अपने हिसाब से कराया है और बिसरा रिपोर्ट भी मेरे हिसाब से आयेगी। पुत्र ने जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीएमओ से मांगी तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने से मना कर दिया। पुलिस ने डायल ११२ पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की।
तत्कालीन सीओ कायमगंज सहित नौ के खिलाफ याचिका दायर
