शाहाबाद हरदोई , समृद्धि न्यूज। सीएचसी शाहाबाद में शुक्रवार को दवा लेने आए चार मरीजों की जेब कटने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। इलाज कराने पहुंचे मरीजों के जेबकतरे 34 सौ रुपए जेब काट कर फरार हो गए,जिससे अस्पताल परिसर में अफरा–तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सकरौली निवासी रामप्रताप पुत्र सियाराम अपनी बिटिया की टीबी की दवा लेने पहुंचे थे,तभी भीड़ का फायदा उठाकर जेब में रखे 2600 रुपए जेबकतरे उड़ा ले गए।
मगियावां निवासी मनीष कुमार पुत्र रामौतार,जो अपनी दादी की दवा लेने आए थे,उनकी जेब से 200 रुपए निकल गए।इसी तरह निरंकार पुत्र राजाराम खांसी की दवा लेने पहुंचे थे,लेकिन जेबकतरों ने उनकी जेब से 410 रुपए साफ कर दिए।एक अन्य व्यक्ति की भी जेब काटकर रुपए निकाल लिए गए, हालांकि वह दवा लेकर अस्पताल से जा चुका था।एक ही दिन चार मरीजों की जेब कटने की घटनाओं से सीएचसी आए मरीजों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है,साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बहीं मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
