
जेब में रखी पर्स से उड़ाये नकदी व जेवरात
पीडि़त ने टेंपो चालक के खिलाफ दी नामजद तहरीर
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। पुत्री को ससुराल छोडऩे जा रहे पिता की टेंपो में सवार युवकों ने जेब काटकर लाखों रुपए के जेवर व रुपये पार कर दिये। पीडि़त ने टेंपो चालक के विरुद्ध तहरीर दी है।
जनपद कन्नौज के थाना गुरसहायगंज के गांव समगुरा बहादुरपुर निवासी राकेश सिंह अपनी पुत्री रागिनी को उसकी ससुराल छोडऩे टेंपो से लेकर शमशाबाद स्टेशन से दुनाया गांव जा रहे थे। टेंपो में पिता पुत्री अकेले बैठे हुए थे। रास्ते में टेंपो चालक ने किसी व्यक्ति को फोन करके बुला लिया। दो युवक टेंपो के अंदर बैठ गए और उन्होंने धीरे से राकेश की जेब को काट दिया। जेब कटने की राकेश को जानकारी नहीं हुई। इसी बीच ग्राम नगला जोधा के पास दोनों युवक टेंपो से उतर गये। राकेश जब चौराहे पर उतरे, तो उन्हें जेब कटे होने की जानकारी हुई। उन्होंने अपने रिश्तेदारों को फोन पर सूचना दी। उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और टेंपो चालक की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। राकेश ने बताया कि जेब में रखी पर्स में एक 20 ग्राम की जंजीर, एक जोड़ी कानों के झाले, तोडिय़ां और 500 रुपया नकद रखे थे। जिन्हें जेबकतरे निकाल ले गये। राकेश ने टेंपो चालक के नाम थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
