अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। शाहजहांपुर जनपद से सामान भरकर नोएडा जा रहे पिकअप का थाना अमृतपुर क्षेत्र में बदायूं मार्ग पर एक्सीडेंट हो गया। पिकअप की आलू से भरे हुए ट्रैक्टर ट्राली से जोरदार भिड़ंत हो गयी। जिससे पिकअप चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के दौरान पिकअप चालक की जिला अस्पताल लोहिया में मौत हो गई। उसके दो अन्य घायल साथियों का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार जनपद हरदोई के थाना पचदेवरा के ग्राम लुधियापुर निवासी विद्यासागर पाल उम्र लगभग 48 वर्ष पुत्र परशुराम खुद का लोडर (पिकअप) किराए पर चलाता था। वह अपने गांव के ही रामू के साथ शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र निवासी रविपाल के यहां गए थे। रवि पाल के घर से राशन बेड एवं अन्य सामान लोडर में भरकर वह उसको साथ लेकर नोएडा के लिए रवाना हुआ। थाना अमृतपुर क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर नगला हूसा के आगे आलू से भरे ट्रैक्टर ट्राली से लोडर की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें विद्यासागर सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल लोहिया में उपचार के दौरान विद्यासागर की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रैक्टर व पिकअप की भिड़ंत में पिकअप चालक की मौत
