पर्यावरण संरक्षित संगोष्ठी में पेड़ लगाओ, पॉलीथिन हटाओ, जल बचाव पर दिया गया जोर

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। घर एवं पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर सेनापति में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व वक्ता अखिल भारतीय अधिकारी राकेश जैन ने पर्यावरण संबंधित विस्तार से जानकारी साझा की। राकेश जैन ने कहा कि जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन के संरक्षण व संवर्धन के लिए समाज के मध्य काम करने वाली पर्यावरण संरक्षण गतिविधि है। इसमें हमारा घर एक महत्वपूर्ण घटक है। हमें इसको संरक्षित करने की जरुरत है। उन्होंने आये हुए लोगों से अपील की कि अपने घर में गमले में पौधे लगाये, आसपास वृक्ष लगाये और उनका संरक्षण करें, तभी हम आने वाले समय में खुली सांस ले पायेंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ0 उमेश शुक्ला ने कहा कि हमारा घर पर्यावरण पूरक होना चाहिए और हम पर्यावरण को महत्व दें और वृक्षों व जल को संरक्षित करें। नारी शक्ति प्रांत कानपुर प्रमुख श्वेता दुबे ने कहा कि हमें जागरुक होना होगा और प्रत्येक मनुष्य को भी जागरुक होना पड़ेगा, तभी हम पर्यावरण को बचा पायेंगे। पेड़ों का कटान रोकना, कम से कम जल का प्रयोग करें, पानी को बर्बाद न करें, आदि प्रमुख बातें कहीं। विभाग संयोजक सुधेश दुबे ने संचालन करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। अध्यक्षता बद्री विशाल के प्राचार्य डा0 सीडी यादव ने की। साथ ही संगोष्ठी में पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता का पुरस्कार भी वितरण किया गया। इस मौके पर जिला संयोजक पंकज वर्मा, प्रांत कचरा प्रबंधन प्रमुख छाया पांडे, जिला नारी शक्ति प्रमुख संध्या पारीक, नगर नारी शक्ति प्रमुख प्रीति वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *