
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। इन दोनों अमृतपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ का पानी भरा होने की वजह से बीमारियां भी अपनी तेज गति से बढ़ती नजर आ रही है। ऐसे में जिला का चिकित्सा विभाग पूरी सजगता से कार्य कर रहा है।
राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ0 आरिफ सिद्दीकी अमृतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ0 गौरव वर्मा के द्वारा पूरे तहसील क्षेत्र में जगह-जगह पर कैंप लगाए जा रहे हैं और लोगों की जांच कर उनको उचित दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही है। जिसका आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अवनींद्र कुमार ने कहा कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, हर जरूरतमंद को दवाई संबंधित चिकित्सक उपलब्ध कराने का काम करें। इसके बाद सीएमओ ने अमृतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एएनएम पावनी यादव से महिला प्रसव केंद्र के बारे में जानकारी की। उन्होंने एएनएम को निर्देश दिए कि वह गांव-गांव जाकर महिलाओं को प्रेरित करें कि वह प्रसव की स्थिति होने पर किसी प्राइवेट अस्पताल ना जाकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रसव केंद्र पर आकर स्वास्थ्य लाभ ले। सीएमओ ने बताया कि बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं, सभी दवाइयां का पर्याप्त स्टॉक है, जहां भी जैसी जरूरत पड़ेगी हम वहां व्यवस्था करेंगे।
