समृद्धि न्यूज। भारत ने रणभूमि के बाद क्रिकेट के मैदान पर भी अपना दम दिखाया और पाकिस्तान टीम को तीन बार टूर्नामेंट में पटखनी दी जिसमें खिताबी मुकाबला भी शामिल है। एशिया कप में भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी है।
टी20 एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में पाकिस्तानी टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत के लिए तिलक वर्मा, कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रन बनाए। इसके बाद भारत ने तिलक के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत टारगेट आसानी से चेज कर लिया। वह भारतीय टीम के लिए सबसे बड़े हीरो साबित हुए। टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब अभिषेक शर्मा (5 रन), शुभमन गिल (12 रन) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (एक रन) बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। भारतीय टीम 20 रनों पर ही तीन विकेट गंवाकर संकट में नजर आ रही थी। इसके बाद तिलक वर्मा ने अच्छी पारी खेली और उन्होंने सधी हुई बल्लेबाजी की। वह आखिरी ओवर तक नॉट आउट रहे और घातक पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने डटकर खड़े रहे। पाकिस्तानी बल्लेबाज उन्हें आखिरी तक आउट नहीं कर पाए।
मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर
टीम इंडिया की इस जीत के साथ ही देशभर में जश्न का माहौल बन गया और हर कोई खुशी मनाने लगा। मगर इसमें सबसे जबरदस्त प्रतिक्रिया आई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की, जिन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिर्फ 3 लाइन के पोस्ट से सबको हैरान कर दिया। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, खेल के मैदान में ऑपरेशन सिंदूर, नतीजा वही है. भारत की जीत, हमारे क्रिकेटर्स को बधाई।
क्रिकेट मैदान पर भी भारत के आगे बेदम दिखा पाकिस्तान
पहलगाम हमले के बाद यह पहली बार था जब भारत और पाकिस्तान की टीमें क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने थीं। भारत ने रणभूमि के बाद क्रिकेट के मैदान पर भी अपना दम दिखाया और पाकिस्तान टीम को तीन बार टूर्नामेंट में पटखनी दी, जिसमें खिताबी मुकाबला भी शामिल है। भारत ने पहले पाकिस्तान को गु्रप चरण में सात विकेट से हराया था और सुपर चार चरण में छह विकेट से शिकस्त दी थी। भारत का विजय क्रम फाइनल में भी जारी रहा और टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले में अभूतपूर्व जीत हासिल कर देशवासियों को गौरवान्वित होने का मौका दिया।

