उत्तराखण्ड: उत्तरकाशी जनपद के धराली गांव बादल फटने से खीरगंगा में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। कुछ लोगों के दबे होने की खबर है। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में साल 2025 के मानसून की सबसे बड़ी बादल फटने की घटना सामने आई है जिसमें कई लोगों के लापता होने की खबर है। लगातार हो रही बरसात पहाड़ों पर आफत बनकर बरस रही है। उत्तरकाशी के हर्षिल क्षेत्र में बादल फटने की खबर सामने आई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, राजस्व, आर्मी आपदा दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अचानक खीर गाड़ में मलबे के साथ आए पानी के कारण कस्बे में कई घरों को नुकसान की भी खबर है। प्रशासन ने घटना में अब तक 10 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा लोगों के लापता और 100 से ज्यादा के फंसे होने की बात कही है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार को भारी तबाही आई। हर्षिल क्षेत्र में बादल फटने से धराली गांव तबाह हो गया। यह धराली गांव गंगोत्री धाम और गंगाजी के शीतकालीन प्रवास मुखवा के करीब है। चारधाम की यात्रा के समय श्रद्धालु यहां पर रुकते हैं। एसडीआरएफ, राजस्व, सेना और जिला पुलिस-प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। हर्षिल में ही इंडियन आर्मी का कैंप है, ऐसे में सिर्फ 10 मिनट के अंदर ही सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए, करीब 150 जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं।
बता दें कि बीते कुछ सालों से उत्तराखंड में पहाड़ भरभराकर गिर रहे हैं। हादसे में लोगों की जानें भी जा रही हैं। लैंडस्लाइड के मामले तो आए दिन सुनाई देते हैं, इसका खामियाजा या तो स्थानीय लोग भोगते हैं या फिर पर्यटक, कुछ साल पहले जोशीमठ में घरों में दरारें भी आ गई थीं, इसको लेकर काफी रिसर्च और जांच पड़ताल भी कई गई, लेकिन कोई ठोस तह तक नहीं पहुंचा जा सका, हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं।
सीएम धामी ने जताया दुख
धराली उत्तरकाशी क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का सीएम धामी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस सम्बन्ध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं।
दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत बचाव का अनुरोध
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के पास उत्तरकाशी में बादल फटने की प्राथमिक सूचना प्राप्त हुई है। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने भारत सरकार को दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत और बचाव कार्य के लिए देने का अनुरोध किया है। आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन उत्तरकाशी ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। लोग 01374-222126, 01374-222722 और 9456556431 पर कॉल करके जरूरी जानकारी ले सकते हैं।
कुछ होटल पूरी तरह तबाह
गंगोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव धराली में खीर गंगा नदी में आई विनाशकारी बाढ़ में 5 होटल पूरी तरह बहकर तबाह गए हैं। बाढ़ आने से 10 से 12 मजदूरों के भी दबे होने की आशंका है। लोगों ने बताया कि खीर गंगा के जल ग्रहण क्षेत्र में ऊपर कहीं बादल फटा है, जिसके कारण यह विनाशकारी बाढ़ आई है। विनाशकारी बाढ़ से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि जिस जगह बदल फटा है वहां पर काफी होटल और रेस्टोरेंट हैं। आर्य ने बताया कि कुछ टूरिस्ट भी वहां फंसे हुए हैं।
धराली भूस्खलन पर पीएम मोदी ने सीएम धामी से बात कर ली जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराकाशी के धराली में भूस्खलन की घटना पर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने कहा कि धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीडि़तों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं, लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
