समृद्धि न्यूज। दिल्ली ब्लास्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने भूटान में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा, किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा, सभी को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। पीएम ने पूरे मामले में बड़े स्तर पर जांच कराने की बात भी कही है। भूटान के दो दिवसीय दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में हुई कार विस्फोट की घटना पर दुख व्यक्त किया और साथ ही ये भी कहा कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने दिल्ली विस्फोट की घटना को साजिश करार दिया। उन्होंने ये भी कहा कि वे बीती रात जांच एजेंसियों के संपर्क में रहे और धमाके से जुड़ी जानकारी लेते रहे। सोमवार शाम दिल्ली में बम धमाका हुआ और पीएम मोदी तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह भूटान पहुंचे। यहीं उन्होंने दिल्ली विस्फोट की घटना पर बयान दिया।
कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित किया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
मैं हर किसी को आश्वस्त करता हूं कि हमारी जांच एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी। जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं… pic.twitter.com/RnjaEbLuzA
— Narendra Modi (@narendramodi) November 11, 2025
प्रधानमंत्री मोदी के बयान से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। राजनाथ ने इस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जांच के बाद रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी, अभी हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं, जांच एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। समय आने पर पूरे मामले की जांच सार्वजनिक की जाएगी, लेकिन एक बात मैं कह रहा हूं कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
