श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर पीएम मोदी आज करेंगे ध्वजारोहण

समृद्धि न्यूज। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर मंगलवार को फहराया जाने वाला कोविदार ध्वज कलियुग में भी त्रेता का आभास कराएगा। यह ध्वज प्राचीन काल से अयोध्या की पहचान रहा है, जिसका उल्लेख वाल्मीकि रामायण में मिलता है। मंदिर ट्रस्ट ने इस ध्वज को चुनकर अयोध्या का गौरव बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जाएंगे और मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। ध्वजारोहण समारोह को लेकर अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरी अयोध्या को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। एटीएस-एनएसजी से लेकर साइबर टीम तक की मुस्तैद रहेगी। एंटी-ड्रोन सिस्टम, स्नाइपर ड्यूटी, 90 तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती की गई है। पीएम मोदी की मौजूदगी को लेकर 6970 सुरक्षा कर्मियों का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। आयोजन के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ही अयोध्या पहुंच गए थे। उन्होंने वहां मंदिर परिसर में होने वाले आयोजन की तैयारियों को परखा और मंदिर प्रशासन व जनपद प्रशासन द्वारा की गईं तैयारियों का भी जायजा लिया। प्राण प्रतिष्ठा के समय ही राम मंदिर परिसर में कोविदार वृक्ष लगाए गए हैं, जो इस समय लगभग आठ से 10 फुट के हो चुके हैं। ध्वजारोहण के साथ ही इसके दर्शन भी शुरू होंगे, जो रामभक्तों को अयोध्या के प्राचीन गौरव का आभास कराएंगे।

ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनूंगा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अयोध्या में आज होने वाले कार्यक्रम पर कहा कि आज ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनूंगा। इसके साथ ही आज भगवान राम के दर्शन का सौभाग्य भी मिलेगा, पीएम मोदी सुबह 10 बजे पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *