फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही अवैध आतिशबाजी बेचने वाले लोग सक्रिय हो गये हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक घर से आतिशबाजी का जखीरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के लालबाग हमीरपुर गांव में पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के एक बड़े जखीरे को बरामद किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्यवाही की है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने हमीरपुर निवासी नाजिम पुत्र हकीमुद्दीन के घर पर छापा मारा। यहां से लगभग पांच बोरी निर्मित और अनिर्मित अवैध आतिशबाजी जब्त की। पुलिस ने मौके से आतिशबाजी का निर्माण कर रहे एक युवक को भी हिरासत में लिया और उसे कोतवाली ले गई। कायमगंज के सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि छापेमारी में लगभग 60 किलोग्राम निर्मित और अनिर्मित आतिशबाजी, साथ ही दैमार पटाखे बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई के दौरान कोतवाली प्रभारी अनुराग मिश्र, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरजीत सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह और मंडी चौकी प्रभारी अवधेश कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने कहा कि अवैध आतिशबाजी की बिक्री किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जायेगी।
पुलिस ने पकड़ा आतिशबाजी का जखीरा
