ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
बेटे को आग लगता देख, रो उठा परिवार
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम मंझा निवासी विजय पुत्र कांशीराम उम्र लगभग 35 वर्ष बीती रात घर के पास स्थित दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक डंपर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी संजय सिंह, तहसीलदार शशांक सिंह, खनन अधिकारी संजय प्रताप सिंह तथा क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुँचा तो परिजन बेहद परेशान और बदहवास नजर आए। आरोप है कि देर रात्रि पुलिस की मौजूदगी में लगभग 7:30 बजे अन्तिम संस्कार कराया गया। इस दौरान मृतक के पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। वे हाथ जोडक़र गिड़गिड़ाते हुए नजर आए, लेकिन बेरहम खाकी ने मानवीय संवेदनायें तार-तार कर दीं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग अन्तिम संस्कार की प्रक्रिया में जुटे रहे। परिजनों का आरोप है कि उनकी भावनाओं और स्थिति को नजरअंदाज किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक जिस समाज से आता है, उसी समाज से भाजपा के एक सांसद भी हैं, लेकिन अभी तक उनके स्तर से किसी प्रकार की सहायता या पहल सामने नहीं आई है। घटना के बाद से परिजन लगातार सदमे और मानसिक तनाव में हैं। क्षेत्राधिकारी ने बताया है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सडक़ दुर्घटना के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है अन्य आवश्यक विधि कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस ने जबरन कराया रात्रि में युवक का अंतिम संस्कार
