कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना पुलिस ने फुटपाथ पर दुकान का सामान रखने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए चालान करने की बात कही। इस दौरान कस्बे के दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में दुकानें बंद होने लगीं। लोगों ने दुकान के बाहर रखा सामान अंदर कर लिया।

जानकारी के अनुसार कस्बे के मुख्य तिराहे से चौराहे तक दुकानदार सामान को फुटपाथ पर रख देते है। जिससे फुटपाथ ढक जाता है। जिससे चौपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। हालांकि कई बार दुकानदारों को नगर पंचायत की ओर से हिदायत भी दी गयी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। मंगलवार को कस्बा इंचार्ज शंकरानंद ने टीम के साथ नगर में भ्रमण कर दुकानदारों को हिदायत दी कि वह अपना सामान फुटपाथ से हटा लें। अन्य की स्थिति में चालान काटा जायेगा। इस दौरान उन्होंने कई दुकानदारों के नाम भी नोट किये। कस्बे के लोगों का कहना है कि दुकानदारों द्वारा सामान फुटपाथ पर रख लेने से सडक़ सकरी हो जाती है। जिससे चौपहिया वाहन व ई-रिक्शा आदि निकलने में काफी परेशानी होती है। इसके अलावा ठेली वाले भी फुटपाथ पर ठेली लगाकर खड़े हो जाते हैं। जिससे भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पुलिस की आज की इस कार्यवाही की लोगों ने प्रशंसा की और कहा कि दुकानदारों पर कार्यवाही होनी चाहिए।
