पुलिस ने चलाया सघन वाहन चेकिंग अभियान

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सडक़ पर गुजरने वाले दुपहिया और चारपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई। अभियान में कई वाहनों के कागजात चेक किए गए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में संचालित हुआ। उनके निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोका गया और उन्हें सख्त हिदायत दी गई। वहीं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवरस्पीडिंग से बचें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। अभियान में चौकी इंचार्ज राहुल सिंह और कांस्टेबिल विकास भाटी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *