पुणे: आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बवाल, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

समृद्धि न्यूज। पुणे के दौंड तालुका स्थित यवत इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। एक समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद तनाव बढ़ गया। सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ आक्रोश में आकर लोगों ने कई गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। पुलिस के मुताबिक, गांव के लोग सडक़ों पर उतर आए और कुछ युवाओं ने एक संरचना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, इस घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस की टीम क्षेत्र में मौजूद है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।

जानकारी के मुताबिक, यवत के नीलकंठेश्वर मंदिर में शनिवार, 26 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। शिवाजी की प्रतिमा से छेड़छाड़ का आरोपी एक समुदाय विशेष का व्यक्ति बताया गया, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद से ही यवत इलाके में तनावपूर्ण माहौल था, शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट ने लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया। यवत एसपी नारायण देशमुख ने बताया कि पोस्ट करने वाले सैय्यद नाम के व्यक्ति को यवत पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, हालांकि सोशल मीडिया पोस्ट में क्या कुछ लिखा गया था, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए पोस्ट में लिखी बातों का जिक्र नहीं कर रही है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाला युवक यवत के सहकार नगर इलाके में रहता है और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सहकार नगर इलाके में पहुंचकर उसके घर में तोडफ़ोड़ की है। हालांकि पुलिस के समय पर हस्तक्षेप से आगे की घटना टल गई, लेकिन यवत इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

कुछ लोग जानबूझकर विवादित पोस्ट डालते हैं, ताकि तनाव फैलाया जा सके: सीएम फडणवीस

पुणे तनाव को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा मैंने इस मामले की जानकारी ली है। बाहर के किसी व्यक्ति ने आपत्तिजनक स्टेटस डाला था, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। लोग सडक़ों पर आ गए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ हद तक लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। दोनों समुदायों के लोग साथ बैठकर बात कर रहे हैं और तनाव को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग जानबूझकर इस तरह के स्टेटस डालते हैं ताकि तनाव फैलाया जा सके, लेकिन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूर की जाएगी। वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार प्रभावित लोगों से मिलने के लिए पुणे के उस इलाके में पहुंचे जहां तनाव व्याप्त है, पुणे जिले के दौंड तालुका के यावत गांव में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट डालने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *