एसआईआर कार्यक्रम के तहत चला तलाशी अभियान
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार के निर्देश पर मदर इंडिया कोल्ड के सामने मेहंदी बाग छोटी कर्बला स्थित ईरानी बस्ती में तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई देश में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम के तहत की गई। जिसका उद्देश्य विदेशी नागरिकों की तलाश करना और उनके दस्तावेजों का सत्यापन करना था।
अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय सहित कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने बस्ती में रहने वाले लगभग 22 परिवारों के पहचान पत्रों, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और पासपोर्ट की जांच की। साथ हीए उनके वाहनों और व्यवसाय के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। बस्ती के निवासी असलम ईरानी ने बताया कि उनके परिवार लगभग 50-60 सालों से यहां रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को अपने राशन कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट जैसे सभी दस्तावेज दिखाए। असलम ईरानी ने यह भी बताया कि उन्हें सरकारी अनाज और राशन कार्ड जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि यह अभियान अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र में मदर इंडिया कोल्ड के पास स्थित इस ग्रामीण बस्ती में रहने वाले सभी 22 परिवारों का सत्यापन किया गया है। सीओ सिटी ने कहा कि यदि कोई अवांछित व्यक्ति पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विदेशी नागरिकों की तलाश में ईरानी बस्ती में पुलिस का छापा
