उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आपराधिक वारदातों का खुलासा किया गया। जिसमे बेहटामुजावर और सोहरामऊ थाना पुलिस, स्वाट तथा सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयासों से लूट और चोरी की इन घटनाओं में कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से 3 लाख 60 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार पहली घटना थाना बेहटामुजावर क्षेत्र की है। बीते 5 नवंबर को जनपद हरदोई के व्यापारी महेंद्र से ग्राम ढोलौवा के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर 78,800 रुपए की लूट हुई थी। व्यापारी गल्ला बेचकर वापस घर जा रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने उनका वाहन रोककर रुपए छीन लिए और आर्टिका कार से फरार हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में निर्मल, दीपक, नंदलाल उर्फ नंदू और रूपेश वर्मा शामिल हैं। रूपेश वर्मा ड्राइवर था, जिसने व्यापारी की गाड़ी चलाते समय अपने साथियों को सूचना दी थी। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए 58,200 रुपए बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात को रूपेश की योजना के तहत अंजाम दिया गया था। घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
दूसरी घटना थाना सोहरामऊ क्षेत्र की है। बीते 3 नवंबर को कुसहरी स्थित अल्फा पेट्रोल पंप पर तिजोरी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी पार कर दी थी। मैनेजर सुजीत कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने स्वाट और सर्विलांस की मदद से इस घटना का खुलासा किया।
पुलिस ने अभियुक्त नीरज, निवासी ग्राम भौली, थाना अजगैन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के 3.2 लाख रुपए, एक छैनी, लोहे की हथौड़ी, एक जोड़ी जूता और एक ऊनी चादर बरामद की गई। दोनों घटनाओं के खुलासे में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद सिंह और उनकी टीमों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करने वाली सभी टीमों की सराहना की है। पुलिस ने अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
