उच्चाधिकारियों को गुमराह करने से बाज नहीं आ रहा थानाध्यक्ष
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी संजय कुमार यादव पत्नी बबली के साथ एक सप्ताह पूर्व अपनी ससुराल अल्लाहगंज जनपद शाहजहांपुर गए हुए थे, 8 अप्रैल को संजय अपनी बाइक द्वारा पत्नी तथा साले के साथ वापस लौट रहे थे, तभी ढाई घाट शमशाबाद मार्ग पर ग्राम बिरियाडाढा के निकट लगभग शाम 5 बजे के वक्त अपाचे बाइक सवार बदमाश द्वारा झपट्टा मारकर महिला के गले में पड़ी सोने की चेन लूटकर फरार हो गया था। लुटेरे की हरकत को समझते हुए महिला ने गले में पड़ी सोने की चैन बचाने की कोशिश की, तो कुछ हिस्सा महिला के हाथ आ गया था। शेष चैन लेकर अज्ञात अपाचे बाइक सवार शमशाबाद बाजार की तरफ फरार हो गया था। महिला ने शोर मचाते हुए शमशाबाद बाजार में अपाचे बाइक सवार लुटेरे को खोजने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चलने पर पीडि़त महिला के पति संजय यादव ने शमशाबाद थाना पुलिस को अज्ञात लुटेरे के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस खाली हाथ ही है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना पुलिस ने इस मामले में चिलसरा तराई क्षेत्र के एक युवक को भी उठाया था। जिसमें क्षेत्र के कई छुटभैया नेता पैरवी करने के लिए थाने पहुंचे थे। छुटभैया नेताओं के दबाव बनाने के बाद पकड़े हुए आरोपी को पुलिस द्वारा छोड़ दिया गया था। पुलिस द्वारा लूट के मामले में सिर्फ और सिर्फ खानापूरी लगातार जारी है और थानाध्यक्ष द्वारा उच्चाधिकारियों को गुमराह करने का कार्य लगातार बदस्तूर जारी है।
चैन लुटेरे को एक सप्ताह बाद भी नहीं खोज पाई थाना पुलिस
