आलू के भाव में 30 रुपये की उछाल, 601 से 661 तक में बिका

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आलू के भाव में शनिवार को 30 रुपये की उछाल रही। जिससे आलू का भाव 661 रुपये कुंतल तक बिका।
जानकारी के अनुसार सातनपुर आलू मंडी में शनिवार को आलू की आमद 125 मोटर रही। आलू के भाव में 30 रुपये की उछाल दर्ज की गयी। आज एक नंबर के आलू सुपर पीली मिट्टी के 601 से 661 रुपए कुंतल में ज्यादातर बिके और दो नंबर के काली मिट्टी के आलू 501 से 581 रुपए कुंतल में ज्यादातर बिक्री हुई। रोजाना ही पीली मिट्टी के सुपर आलू 50-60 रुपए कुंतल अधिक में बिक रहे हैं। किसानों ने बताया कि आलू में मंदी के चलते उन्हें लागत के दाम निकालना मुश्किल हो रहा है। जिसके चलते कई किसानों ने फिलहाल आलू की खुदाई धीमी कर दी है। वहीं किसानों का यह भी कहना है कि यदि आलू खुदाई में ज्यादा विलम्ब करेंगे, तो गेहूं आदि की बुबाई में विलम्ब हो जायेगा। साथ ही जानवरों आदि का चारा भी नहीं बो पायेंगे। आलू आढ़ती अरविंद राजपूत ने किसानों से अच्छा आलू लाने की अपील की है, ताकि उन्हें अच्छे दाम मिल सकें। उन्होंने कहा कि रविवार को बन्दी रहेगी। इसलिए किसान भाई रविवार को अपना आलू मंडी में बिक्री के लिए न लाएं।
किसी ने नहीं जाना आलू किसान का दर्द-अरविन्द राजपूत
फर्रुखाबाद।
आलू आढ़ती अरविन्द राजपूत ने बताया कि जनपद का बदहाल आलू किसान खून के आंसू लिए जनप्रतिनिधियों से पूछ रहा है विकसित भारत यात्रा में हमारे लिए क्या है। सरकार की ओर से चहुंओर विकसित भारत यात्रा जगह-जगह गुणगान करने में जुटी है, लेकिन फर्रुखाबाद में तबाह हुआ आलू किसान जनप्रतिनिधियों से विगत कई वर्षों से आलू आधारित उद्योग लगाने की मांग, जनपद में आलू अनुसंधान केन्द्र स्थापित करने की मांग, आलू विकास बोर्ड बनाने की मांग, फाइटोसेनेटरी लैब की मांग, एशिया प्रसिद्ध आलू मंडी से आलू निर्यात करने की मांग आदि समस्यायों की ओर किसी का ध्यान नहीं दिया गया। ऐसी विकसित भारत यात्रा करने से आलू किसान का कोई औचित्य नहीं है। हर चुनाव के आते ही आलू किसानों का झूठे ही पेट भर दिया गया। बाद में सभी एक आलू किसान का दर्द भूल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *