फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उ0प्र0 माध्यमिक परिषद की वर्ष 2026 की इण्टरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में सम्पन्न कराई जायेगी। डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने इस बावत सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर निर्देश जारी किये हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक यू.पी. बोर्ड कार्यालय ने जनपद में प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्रों की सूची उपलब्ध करा दी है तथा सभी 165 परीक्षा केंद्रों में वायस रिकार्ड, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिये हैं। परिषद कार्यालय के अनुसार सभी संबंधित प्रधानाचार्य प्रयोगात्मक परीक्षा हेतु कुल पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या, विद्यालय में प्रयोगशाला संचालन की स्थिति, सीसीटीवी कैमरे की संख्या, डीवीआर नंबर, आईडी और पासवर्ड का विवरण डी.आई.ओ.एस. कार्यालय में शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। 02 फरवरी से दूसरे चरण की प्रयोगात्मक परीक्षा जनपद में शुरु होगी। जिसमें दूसरे जिलों से परीक्षक बोर्ड के निर्देश पर प्रयोगात्मक परीक्षा लेने हेतु जनपद में आयेंगे। परीक्षा की निगरानी जिला कंट्रोल रुम से भी किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गयी है। कंट्रोल रुम का प्रभारी रामलखन पाल को बनाया गया है। प्रयोगात्मक परीक्षा के पश्चात १८ फरवरी से यू.पी. बोर्ड की मुख्य परीक्षा शुरु होगी। जिसमें हाईस्कूल एवं इंटर के लिए ७८ सेंटर बनाये गये हैं।
प्रयोगात्मक परीक्षा 02 फरवरी से सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रुम की निगरानी में होगी शुरु
