फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार प्रधान के पुत्र की मौत हो गयी, जबकि महिला प्रधान और उनके पति घायल हो गये। दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया।
जानकारी के अनुसार जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज गुरुगुजपुर की प्रधान 30 वर्षीय रूपम सिंह अपने पति 32 वर्षीय रोहित सिंह गहरवार व 12 वर्षीय पुत्र देव के साथ रविवार दोपहर बाइक पर सवार होकर थाना राजेपुर के ग्राम कादरकुइयां रोहित की मौसी नीरू सिंह की पुत्री प्रिया के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।
थाना कादरीगेट के मसेनी चौराहे के निकट हाईवे पर सेंट्रल जेल की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से तीनों को टक्कर मार दी।। जिससे ट्रक देव के ऊपर से निकल गया। जिससे देव की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि प्रधान रूपम व उनका पति रोहित घायल हो गये। उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। जहाँ थानाध्यक्ष कादरी गेट विनोद कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक के बाबा विनय सिंह मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चौकी इंचार्ज पांचाल घाट अमित शर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
