फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेला श्रीराम नगरिया में ट्रैक्टर से कुचलकर एक पीआरडी जवान की मौत हो गयी। इस घटना से मेला क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। ड्यूटी पर लगे अन्य पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में उपचार के लिए लोहिया भिजवाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी लोहिया पहुंच गये और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना कमालगंज के गांव पिथूपुर मेंहदिया निवासी 55 वर्षीय नत्थूलाल पीआरडी में तैनात हैं। वह एक माह से मेला रामनगरिया में ड्यूटी कर रहे थे। शुक्रवार को उनकी तैनाती एक नंबर सीढ़़ी पर थी। शाम करीब चार बजे एक ट्रैक्टर ढलान पर तेज रफ्तार से जा रहा था। चालक ने ड्यूटी कर रहे नत्थूलाल को टक्कर मार दी। इस दौरान टै्रक्टर का उनके ऊपर चढ़ गया और वह गंभीर रुप से घायल हो गये। यह नजारा देख लोगों के होश उड़ गये और चीखपुकार मच गयी। ड्यूटी पर लगे अन्य पुलिस कर्मी भागकर आ गये और आनन-फानन में घायल नत्थूलाल को एंबुलेंस की मदद से लोहिया भिजवाया गया। लोहिया ले जाते समय रास्ते में ही पीआरडी जवान की मौत हो गयी। पुलिस ने टै्रक्टर को कब्जे में ले लिया। सूचना मिलने पर परिजन पहुंच गये। मृतक की बेटी शशी, पत्नी सूरजवती आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मेला रामनगरिया में पीआरडी जवान की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत
