फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सावन के प्रथम सोमवार को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां जोरों पर है। रेलवे रोड स्थित पाण्डेश्वरनाथ मंदिर को सजाया गया। श्रावण मास में श्रद्धालु श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करते है। सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना शुरु हो जाती है, जो देर शाम तक शिवालयों में चलती रहती है। भक्तों में जलाभिषेक व पूजा अर्चना का भाव देखने को मिलता है। भगवान शिव की आराधना में महिलायें भी सबसे आगे रहती है। मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से मनोकामना पूर्ण होती है। शहर के पाण्डेश्वरनाथ मंदिर, महाकाल मंदिर, कोतवालेश्वर मंदिर आदि को सजाया गया है। भगवान शिव को बेल पत्री, जल, धतूरा, भांग आदि अर्पित कर पूजन किया जाता है। सुबह से ही भक्तगण गंगा स्नान के बाद शिवालय पहुंचते है। जहां जल चढ़ाकर भगवान शिव से सुख समृद्धि की कामना करते है।
सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी जगह-जगह लगाया गया है। बेरिकेडिंग भी लग गयी है। मंदिर को फूलों व झालर से सजाया गया है और रंग बिरंगी रोशनी भी लगायी गई है। महादेव को प्रसन्न करने के लिए पाण्डेश्वरनाथ मंदिर व पुठरी मंदिर, श्रंगीरामपुर, शुकरुल्लापुर व रोशनाबाद में शिव मंदिर एवं कायमगंज-कम्पिल के शिवालयों में भीड़ रहती है।
सावन के प्रथम सोमवार को लेकर शिवालयों में तैयारियां पूर्ण
